कोरोना के विरुद्ध अनुष्ठान

 


भारत सहित संपूर्ण विश्व से कोराना महामारी समाप्त करने की कामना


पुरुषोत्तम मास में ब्राह्मण समाज 84 महादेव, सप्तसागर एवं 9 नारायण पर जप, विशेष पूजन, अभिषेक, हवन पूजन करेंगे


 


उज्जैन। भारत सहित संपूर्ण विश्व से कोराना महामारी समाप्त करने के लिए ब्राह्मण समाज ने पुरुषोत्तम मास के तहत आज 18 सितंबर से विशेष अनुष्ठान की शुरुआत कर दी है। इसके तहत ब्राह्मण समाज 84 महादेव, सप्तसागर एवं 9 नारायण पर जप, विशेष पूजन, अभिषेक, हवन पूजन कर विश्व कल्याण की कामना कर रहा है।


अखिल भारतीय ब्राह्मण समाज के अध्यक्ष पंडित सुरेंद्र चतुर्वेदी ने यह जानकारी दी। उन्होंने कहा भगवान शिव सृष्टि के संहारक हैं, इसलिए उन्हें प्रसन्न करने के लिए चारों दिशाओं में स्थित 84 महादेव तथा भगवान विष्णु सृष्टि के पालक हैं इस हेतु 9 नारायणओं का पूजन- अर्चन किया जा रहा है। प्रलय की स्थिति में भगवान विष्णु के नाभि कमल से सागर में रहते हुए ब्रह्मा की उत्पत्ति के स्वरूप सप्त सागरों का पूजन भी किया जा रहा है। इस तरह महामारी को विश्व से समाप्त करने के लिए अधिक मास में कई अनुष्ठान ब्राह्मण समाज ने शुरू किए हैं। 18 सितंबर से अश्विन शुक्ल पक्ष प्रतिपदा से अधिक मास प्रारंभ हो गया है। इस दौरान अखिल भारतीय ब्राह्मण समाज उज्जैन प्रदेश संपूर्ण भारत वर्ष सहित संपूर्ण विश्व से मानवता के खतरे के लिए आई कोराना महामारी को समाप्त करने के लिए अधिक मास में 84 महादेव, 9 नारायण एवं सप्तसागरों के साथ ही उज्जैन के प्रमुख तीर्थ स्थलों पर विशेष पूजन, अभिषेक, जप, हवन आदि अनुष्ठान कर पृथ्वी से इस कोराना महामारी को समाप्त करने के लिए भगवान से प्रार्थना करेगा।


इस बारे में अखिल भारतीय ब्राह्मण समाज की कार्यकारिणी तथा विभिन्न इकाइयों की ऑनलाइन डिजिटल वर्चुअल मीटिंग में विचार-विमर्श पश्चात निर्णय लिया था। बैठक में पंडित शैलेंद्र द्विवेदी, श्रीमती अर्चना ज्ञानी, श्रीमती अंजना शुक्ला, श्रीमती ममता मिश्रा, पंडित जियालालजी शर्मा, श्री तरुण उपाध्याय, श्री देवेंद्र शर्मा, श्री महेंद्र उपाध्याय, श्री लक्ष्मण शर्मा, श्री वीरेंद्र त्रिवेदी, श्री विकास तिवारी, देवेंद्र शर्मा, विनय ओझा, आईटी सेल प्रमुख प्रभाकर दीक्षित आदि ने भाग लिया। बैठक की जानकारी अखिल भारतीय ब्राह्मण समाज के अध्यक्ष पंडित सुरेंद्र चतुर्वेदी तथा सचिव पंडित तरुण उपाध्याय संयुक्त प्रेस वक्तव्य में दी। उन्होंने बताया कि अधिक मास के प्रथम सोमवार से भगवान अगस्तेश्वर महादेव स्थित संतोषी माता मंदिर हरसिद्धि मंदिर के पीछे से महा पूजन का शुभारंभ किया जाएगा। उज्जैन की चारों दिशाओं में स्थित 84 महादेव जिसमें पूर्व में द्वार पालेश्वर महादेव, पिंगलेश्वर पश्चिम में, गंभीर जलाशय स्थित बिल्वेश्वर महादेव, दक्षिण में ग्राम करोहन मे कायावरुणेश्वर महादेव तथा उत्तर दिशा में जैथल के समीप स्थित दुर्दूरेश्वर 84 महादेव पर विशेष अनुष्ठान किए जाएंगे। इसके साथ ही साथ सप्तसागर पर पूजन कर भगवान वरुण देव को भी प्रसन्न किया जाएगा तथा उज्जैन के प्रसिद्ध एवं पौराणिक मंदिरों में रविवार को केडी पैलेस स्थित भगवान सूर्य को सूर्य कुंड पर अर्घ्य प्रदान किया जाएगा। मंगलवार को मंगल ग्रह अंगारेश्वर पर भात पूजन बुधवार को चिंतामन गणेश मंदिर, गुरुवार को गुरु बृहस्पति मंदिर गोला मंडी, शुक्रवार को माता संतोषी माता, हरसिद्धि मंदिर तथा शनिवार को नवग्रह शनि मंदिर इंदौर रोड त्रिवेणी पर पूजन अर्चन कर अनुष्ठान आयोजित किए जाएंगे। इस हेतु अखिल भारतीय ब्राह्मण समाज के समस्त इकाइयां जिसमें महिला इकाई तीर्थ इकाई अधिकारी कर्मचारी संगठन, सेवानिवृत्त अधिकारी कर्मचारी संगठन युवा इकाई, परशुराम सेना आदि विभिन्न घटकों को इस हेतु अलग- अलग जवाबदारी देकर उक्त अनुष्ठान में सम्मिलित किया जाएगा तथा वैदिक ब्राह्मणों तीर्थ पुरोहितों के द्वारा होने वाले समस्त धार्मिक अनुष्ठानों को विधिपूर्वक संपन्न कराया जाएगा।